Tuesday, नवंबर 3, 2026
Homeसमाचारनरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे...

नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे किए, कहा- 2047 ‘विकसित भारत’बना कर रहेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल का कार्यकाल पूरा कर लिया. इसमें 2001 से 2014 तक का गुजरात के मुख्यमंत्री पद का कार्यकाल भी शामिल हैं.इस अवसर पर बीजेपी ने एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया. पीएम मोदी ने कहा है कि वह विकसित भारत बनाने के लिए कर्तव्यबोध और समर्पण की भावना के साथ देश की सेवा करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि वह ‘विकसित भारत’ के सामूहिक संकल्प को साकार करने के वास्ते और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.उन्होंने कहा कि ये 25 साल सेवा की बेहद संतोषजनक यात्रा रहे हैं, जिसकी हर पड़ाव पर जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ने दिशा तय की है.

राष्ट्रपति ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दी गईं शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा कि देश ने जो भी प्रगति की है, वह इसलिए संभव हो सकी है, क्योंकि करोड़ों भारतीयों ने आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ देश के कायाकल्प की प्रक्रिया में भाग लेने का निर्णय लिया.उन्होंने कहा कि यह बदलाव आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन में भी दिखाई दे रहा है, जो विशेष रूप से उत्साहजनक है.

मोदी ने ‘एक्स’ पर किए एक पोस्ट में कहा, ”राष्ट्रपति जी, शुभकामनाओं और आपके स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. ‘विकसित भारत’ बनाने की दिशा में हम सभी के साथ मिलकर आगे बढ़ते हुए, मैं उसी कर्तव्यबोध और समर्पण की भावना के साथ देश की सेवा करता रहूंगा.”

श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना से की शुरुआत

पीएम मोदी ने दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की और पूरी निष्ठा के साथ देश की सेवा करने का अपना संकल्प दोहराया.

वह सात अक्टूबर 2001 से लगातार सरकार प्रमुख के पद पर रहे हैं. वह पहले तीन कार्यकाल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और इसके बाद लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बने.

विकसित भारत भारत बनाने का संकल्प दोहराया

इस अवसर पर पीएम मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार करने के लिए ‘हम करके रहेंगे’ का नारा देते हुए को कहा कि यह लक्ष्य दूरदर्शी नीतियों एवं कड़ी मेहनत से हासिल किया जाएगा. मोदी ने बीजेपी की ओर से दिल्ली इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि समाज को वोट के आधार पर बांटा जाना देश के सामने मौजूद सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है.प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासी विकसित भारत का जो सपना आज देख रहे हैं, वह निश्चित रूप से पूरा होगा.

उन्होंने कहा,”भारत के रुकने का कोई कारण नहीं है. सौ साल पहले हमारी आबादी 40 करोड़ से भी कम थी और आज हम 140 करोड़ से अधिक हैं. ये 140 करोड़ नागरिक मिलकर 2047 तक विकसित भारत बनाएंगे और हम निश्चित रूप से ऐसा करके रहेंगे. हम करके रहेंगे.”

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने शुरू किया ‘सत्याग्रह’, जेन जी, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं के संघर्ष को देंगे धार

संबंधित लेख

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लोकप्रिय पोस्ट्स